युवा संगम के प्रतिभागियों ने आईआईटी (आईएसएम) में किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के तहत आयोजित युवा संगम फेज-6 कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य प्रदेश से आए 56 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिसर में पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के हरित एवं स्वच्छ परिसर को और समृद्ध बनाने तथा युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. संजय मंडल, एसोसिएट डीन, स्टूडेंट्स एक्टिविटीज (स्टूडेंट्स वेलफेयर), आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, मृत्युंजय कुमार मंगलम, सहायक कुलसचिव तथा धीरज कुमार, हॉर्टिकल्चर ऑफिसर उपस्थित रहे। आईआईटी इंदौर से आए समन्वयकों ने भी पौधारोपण अभियान में भागीदारी की।
प्रो. संजय मंडल ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा संगम जैसे कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और विकास मॉडलों से परिचित कराने के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाते हैं।
मालूम हो कि युवा संगम फेज-6 के तहत मध्य प्रदेश का यह प्रतिनिधिमंडल पिछले एक सप्ताह से झारखंड के विभिन्न शैक्षणिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहा था। इस दौरान प्रतिभागियों ने झारखंड की संस्कृति, विरासत, औद्योगिक विकास और नवाचार गतिविधियों को करीब से जाना। पौधारोपण कार्यक्रम के साथ उनके झारखंड प्रवास का समापन हुआ।