जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याएं सुनीं। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में राजगंज, चिरकुंडा, कतरास, धनबाद, बरवाअड्डा, झरिया, गोविंदपुर, सिजुआ, तोपचांची, सरायढेला, बलियापुर, बाघमारा सहित अन्य क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें एवं आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में अतिक्रमण कर जबरन घर निर्माण करने, जमीन पर अवैध कब्जा करने, जान से मारने की धमकी देने, विस्थापन संबंधी समस्याएं, भू-मापी, प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता बरतने, आंगनबाड़ी सेविका चयन, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, तालाब जीर्णोद्धार कार्य में अनियमितता, दाखिल-खारिज लंबित रहने सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवेदकों को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।