ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती, डीसी ने दिए विशेष अभियान के निर्देश

Advertisements

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती, डीसी ने दिए विशेष अभियान के निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रवर्तन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने जिले में सड़क सुरक्षा की वर्तमान स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर किए जा रहे सुधार कार्यों, वाहन जांच अभियान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों में हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने, ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधार करने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को भी नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, प्रवर्तन कार्यों को और मजबूत बनाने तथा जन-जागरूकता अभियान तेज करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रहा है और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, आईएएस प्रशिक्षु, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top