बड़ा गुरुद्वारा में गुरु अर्जन देव के शहादत दिवस पर भावपूर्ण कार्यक्रम
शरबत-लंगर की सेवा
डीजे न्यूज, धनबाद: श्री गुरु अर्जन देव जी के 420वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बड़ा गुरुद्वारा, बैंक मोड़ में भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत वितरण और लंगर की विशेष व्यवस्था की गई। गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही संगत का जमावड़ा रहा। कीर्तन-दरबार में रागी जत्थों ने गुरु अर्जन देव के जीवन, शिक्षाओं और शहादत पर आधारित शबद-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिसका श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं और राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया गया। इसके साथ ही लंगर की व्यवस्था भी की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का बलिदान सत्य, धैर्य और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन हमें उनकी शिक्षाओं पर चलने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम का समापन अरदास और रहरास साहिब के पाठ के साथ हुआ, जिसमें सभी की सुख-समृद्धि की कामना की गई।