एकरारनामा नहीं करने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई, काली सूची में डालने की तैयारी

Advertisements

एकरारनामा नहीं करने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई, काली सूची में डालने की तैयारी

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद नगर निगम में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में योजनाओं के कार्यान्वयन में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर सख्त रुख अपनाया गया। बैठक में एकरारनामा नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया।

मुख्य अभियंता, धनबाद नगर निगम की अध्यक्षता में 17 जून को विकास कार्यों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से वित्तीय वर्ष 2025-26 में सड़क, परिवहन एवं नागरिक सुविधा मद से क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान ऐसे कई संवेदकों को चिन्हित किया गया, जिन्हें योजनाओं का स्वीकृति पत्र निर्गत किए जाने के बावजूद अब तक एकरारनामा नहीं किया गया है। निगम की ओर से इन संवेदकों को कई बार पत्राचार एवं दूरभाष के माध्यम से एकरारनामा करने के लिए निर्देशित किया गया, लेकिन अब तक उनके द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे सभी संवेदकों को चिन्हित करते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड, रांची की निबंधन नियमावली संख्या-6351, दिनांक 22 नवंबर 2016 की कंडिका 10.1.13 एवं 11.1.3 के आलोक में उनकी जमानत राशि जब्त करने तथा उन्हें काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने के लिए विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एल-2 (L2) संवेदक को कार्य आवंटित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने अथवा संपूर्ण योजना का कार्य आवंटन रद्द कर पुनर्निविदा की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ऐसे संवेदकों को भविष्य की योजनाओं में कार्य आवंटन पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य अभियंता द्वारा नगर आयुक्त को आवश्यक अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top