संजीव सिंह के हस्तक्षेप से मृत कोलकर्मी के आश्रित को मिला प्रोविजनल नियोजन

Advertisements

संजीव सिंह के हस्तक्षेप से मृत कोलकर्मी के आश्रित को मिला प्रोविजनल नियोजन

डीजे न्यूज, केंदुआ(धनबाद) : मेयर संजीव सिंह के हस्तक्षेप के बाद पीबी एरिया के केंदुआडीह कोलियरी में कार्यरत धीरेन्द्रनाथ सरदार (सामान्य सहायक) के निधन के उपरांत उनकी आश्रित पत्नी ठाकुरमुनि देवी की मौजूदगी में छोटे पुत्र प्रेम सरदार को प्रोविजनल नियोजन देने पर बीसीसीएल प्रबंधन के साथ कोलियरी परिसर में हुई वार्ता के बाद सहमति बन गई। वार्ता के दौरान पीबी एरिया एवं कोलियरी में कार्यरत जनता मजदूर संघ (जमस), जनता श्रमिक संघ तथा डीसीकेएस के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बताया जाता है कि मृतक धीरेन्द्रनाथ सरदार (58) केंदुआडीह कोलियरी में सामान्य सहायक के पद पर कार्यरत थे। बीते 26 मई को जनरल शिफ्ट में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद प्रबंधन ने उन्हें इलाज के लिए कुसतौर क्षेत्रीय अस्पताल भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें सेंदरा अस्पताल, धनबाद रेफर कर दिया। बाद में एक जून को बेहतर इलाज के लिए उन्हें दुर्गापुर स्थित विवेकानंद अस्पताल भेजा गया, जहां 14 जून की रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

मृत्यु के बाद उनका शव केंदुआडीह कोलियरी परिसर में रखा गया। इस दौरान जनता मजदूर संघ, जनता श्रमिक संघ एवं डीसीकेएस समर्थक खैरा में संचालित आउटसोर्सिंग परियोजना पहुंचे और आश्रित को प्रोविजनल नियोजन देने की मांग को लेकर आउटसोर्सिंग कार्य बाधित कर दिया। करीब एक घंटे बाद प्रबंधन की ओर से केंदुआडीह कोलियरी परिसर में वार्ता के लिए बुलावा आया।

इसी बीच सूचना पाकर धनबाद मेयर संजीव सिंह केंदुआडीह कोलियरी पहुंचे और प्रबंधन के समक्ष मृतक के आश्रित को तत्काल नियोजन देने की मांग रखी। इस पर प्रबंधन ने सहमति जताते हुए आवश्यक कागजात तैयार कर मृतक के छोटे पुत्र प्रेम सरदार को नियोजन देने संबंधी समझौता पत्र तैयार कराया। समझौता पत्र पर मेयर संजीव सिंह, मृतक के आश्रित परिजन, विभिन्न संगठनों के स्थानीय प्रतिनिधियों तथा बीसीसीएल अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।

वार्ता में मेयर संजीव सिंह, मृतक की पत्नी ठाकुरमुनि देवी, जमस के तेज बहादुर सिंह, पप्पू सिंह, जनता श्रमिक संघ के कमलेश पासवान, डीसीकेएस के बीएन झा, सरिता देवी, धीरज सिंह, मो. कलाम, जगदीश प्रसाद, श्यामनारायण सिंह, अशोक पासवान, विजेंद्र यादव, रामबालक पासवान उपस्थित थे। वहीं प्रबंधन की ओर से एरिया एचआर हेड अभिषेक राय, पीओ एन. राय, मैनेजर अजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी तथा मेयर समर्थक मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top