यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता गोविंदपुर में, चार सौ खिलाड़ी भाग लेंगे
विधायक सरयू राय मंगलवार को केके इंस्टिच्यूट में करेंगे उदघाटन, मेयर संजीव सिंह होंगे विशिष्ठ अतिथि
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (डीडीबीए) द्वारा झारखंड बास्केटबॉल संघ (जेबीए) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 के सफल आयोजन को लेकर रविवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद जिला टीम की आधिकारिक जर्सी का भव्य अनावरण भी किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन 16 जून से 19 जून तक के. के. ग्रुप ऑफ इस्टीट्यूशन्स, नीरो, गोविंदपुर, धनबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रतियोगिता राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतियोगिता से भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।
धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ झारखंड बास्केटबॉल संघ के प्रति विशेष आभार व्यक्त करता है, विशेष रूप से संघ के सचिव तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जे. पी. सिंह के मार्गदर्शन, विश्वास एवं निरतर सहयोग के लिए हम उनके प्रति कृतज्ञ हैं। उनके नेतृत्व और प्रोत्साहन के कारण धनबाद को राज्य स्तरीय खेल आयोजन की मेजबानी का यह गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से धनबाद जिला टीम की नई जर्सी का अनावरण किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि यह जर्सी खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, समर्पण और जिले की खेल भावना का प्रतीक है।
संघ ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए के. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन एवं प्रबंधन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उनके मार्गदर्शन, सहयोग और उत्कृष्ट खेल सुविधाओं के कारण इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो सका है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सभी प्रायोजकों का भी धन्यवाद जापित किया और कहा कि उनके सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजकों ने कहा कि खेलों के प्रचार-प्रसार और युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल संचालन में मीडिया से सहयोग की अपेक्षा की। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का आयोजन 16 जून को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा, जिसमें जमशेदपुर पूर्व के विधायक, पूर्व मंत्री झारखण्ड सरकार सरयू राय मुख्य अतिथि तथा धनबाद के महापौर संजीव सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मौके पर आयोजन समिति की ओर से उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में डॉ. साधना कुमारी (अध्यक्ष), तपन सेन (सचिव), अनंत श्रीकृष्णा (संयुक्त सचिव) तथा पंकज कुमार (समन्वयक) शामिल थे।