शैक्षिक सुधार और बेहतर परिणाम के लिए डीईओ ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: शैक्षिक सुधार और बेहतर परिणाम के मद्देनजर डीईओ ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । सत्र का पहला डीईओ ऑनलाइन कार्यक्रम शुक्रवार को कार्यालय स्थित सभागार में प्रारंभ किया गया । जिला शिक्षा पदाधिकारी ने माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति का डाटा प्रत्येक दिन ई विद्यावाहिनी पर बनाना ,बच्चों की उपस्थिति में सुधार करने, विद्यालय खुलने के पश्चात विद्यालय परिसर में पर्याप्त साफ सफाई, पेयजल ,शौचालय आदि व्यवस्थित करने, 15 एवं 16 जून को होने वाली रेल परीक्षा में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने , विच्छेदित पाठ्यक्रम के अनुरूप पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा उसे जे गुरुजी ऐप पर ससमय प्रविष्ट करने, संकुल साधन सेवी व प्रखंड साधन सेवी के भ्रमण, अनुश्रवण के दौरान उनका सहयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण अनुश्रवण बनाने आदि विषयों पर विस्तृत निर्देश दिए गए । कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों को अपनी शैक्षिक गतिविधियों से संबंधित बात रखने का भी अवसर दिया गया। इस दौरान शिक्षकों ने जनगणना कार्य में लगे रहने के करण पठन-पाठन में आ रहे व्यवधान तथा नियमित मासिक वेतन नहीं मिलने से हो रही परेशानियों पर पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया । पदाधिकारी ने भी स्पष्ट किया कि यह सरकार का ऐसा कार्य है जिसमें बहुत सहयोग करने में कठिनाई होगी। फिर भी वह हर संभव प्रयास करेंगे । पदाधिकारी के द्वारा निदेशित किया गया कि डीईओ ऑनलाइन का आगामी कार्यक्रम हर माह के प्रथम कार्यदिवस को आयोजित किया जाएगा । बैठक में शम्भुदत्त मिश्र सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, तुषार क्रांति घोष, सोमनाथ प्रसाद एवं सीनू मंडल, सभी प्रखंड साधन सेवी तथा कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।