बिजली कटौती के विरोध में व्यवसायियों ने दो घंटे बंद किया झरिया बाजार

Advertisements

बिजली कटौती के विरोध में व्यवसायियों ने दो घंटे बंद किया झरिया बाजार

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : डीवीसी द्वारा बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने के विरोध में गुरुवार को झरिया शहर के व्यापारियों ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। सोना पट्टी, राज अस्पताल रोड, मेन रोड, सब्जी पट्टी, कपड़ा पट्टी, गोलघर, अशोक रोड, गमछा पट्टी और भूंजा पट्टी सहित विभिन्न बाजारों के व्यापारियों ने सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखे तथा डीवीसी के खिलाफ नारेबाजी की।

व्यापारियों का कहना था कि डीवीसी द्वारा बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों एवं बीमार लोगों की देखभाल, गृहिणियों के दैनिक कार्य तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण जल भंडारण और पेयजल व्यवस्था भी बाधित हो रही है।

व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति शीघ्र सुचारु और नियमित नहीं की गई तो झरिया की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी तथा चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

व्यापारी वर्ग के नेता उपेन्द्र गुप्ता, शिव चरण शर्मा और श्रीकांत अंबष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि बिजली कटौती की स्थिति में डीवीसी अधिकारियों को समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से पूर्व सूचना देकर आम जनता को अवगत कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने झारखंड बिजली वितरण निगम के महाप्रबंधक से मांग की कि डीवीसी के अतिरिक्त अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि झरियावासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि बार-बार की बिजली कटौती से न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो रहा है। इसलिए डीवीसी को पूर्व सूचना देकर ही बिजली कटौती करनी चाहिए तथा वैकल्पिक व्यवस्था पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।

मौके पर उपेन्द्र गुप्ता, शिव चरण शर्मा, श्रीकांत अंबष्ट, अरिंदम बनर्जी, अनूप साव, अरुण जायसवाल, परवीन केशरी, राजेश श्रीवास्तव, बसंत अग्रवाल, सौष्टि दत्ता, दीपक दत्ता, महेश शर्मा, पवन खरकिया, हेमंत ड्रोलिया, राजेश वर्णवाल, सुभाष अग्रवाल, मनोहर अग्रवाल, अजित वर्णवाल, मोहम्मद एयाजुल, मुश्ताक अहमद, चेतन ठक्कर और संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top