मेयर संजीव और विधायक रागिनी ने किया पाइपलाइन कार्य का निरीक्षण
24 घंटे में जलापूर्ति शुरू कराने का दिया आश्वासन
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):
झरिया के जूता गेट से भौंरा बाजार तक 4 इंच व्यास के नए पाइप बिछाकर जलापूर्ति के लिए दिए जा रहे नए कनेक्शन के कार्य में हो रही देरी को लेकर मेयर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मेयर एवं विधायक को आश्वस्त किया कि पाइपलाइन बिछाने और नए कनेक्शन से संबंधित शेष कार्य अगले 24 घंटे के भीतर पूरा कर लिया जाएगा तथा क्षेत्र में जलापूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कारणों और कनेक्शन कार्य के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है।
मेयर संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कर निर्धारित समय के भीतर जलापूर्ति बहाल की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति शुरू की जाए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को नियमित और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना आवश्यक है तथा इस कार्य की लगातार निगरानी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार अगले 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति बहाल हो जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।