पुटकी मारपीट मामले में बजरंग दल ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : पुटकी क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने बुधवार को झरिया नगर स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि पुटकी बाजार निवासी रौशन वर्मा, उनके भाई छोटू कुमार वर्मा, धर्मवीर वर्मा तथा उनकी माता बसंती देवी के साथ 9 जून को मारपीट की घटना हुई थी। संगठन का आरोप है कि अलगड़िया मस्जिद पट्टी के कुछ लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की। साथ ही दुकान से नकदी निकालने, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया।
संगठन के अनुसार घटना की लिखित शिकायत पुटकी थाना में दी गई थी। बजरंग दल ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब किया गया और शिकायतकर्ताओं पर आवेदन बदलने का दबाव बनाया गया। संगठन का यह भी कहना है कि बाद में दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी जाएगी। वहीं, इस मामले में पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।