जयरामपुर में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण का शिलान्यास
स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना प्राथमिकता: रागिनी सिंह
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): झरिया प्रखंड के जयरामपुर में 15वें वित्त आयोग (हेल्थ ग्रांट) मद के तहत स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास झरिया विधायक रागिनी सिंह ने किया।
स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से जयरामपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहे थे, जिसे अब धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। स्वास्थ्य उपकेंद्र बनने से स्थानीय लोगों को प्राथमिक चिकित्सा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी।
प्रत्येक गांव और बस्ती तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारा संकल्प है। जयरामपुर में स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर विकास की गति को और तेज किया जाएगा।