एम्स देवघर में नकद भुगतान सुविधा लागू करने की दिशा में बड़ी पहल
सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल की शिकायत पर प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) देवघर में मरीजों और उनके परिजनों को भुगतान संबंधी समस्याओं से राहत मिलने वाली है। सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल की शिकायत पर AIIMS प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए अस्पताल के काउंटरों पर नकद भुगतान (कैश डिपॉजिट) स्वीकार करने की व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जनहित एवं मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल द्वारा 26 अप्रैल को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), देवघर में उपचार, जांच एवं अन्य सेवाओं के भुगतान हेतु सुविधाजनक भुगतान व्यवस्था लागू करने के संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी।
उक्त शिकायत पर AIIMS देवघर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए अपने पत्र संख्या AIIMS/Deoghar/Public Grievances/2026-27/20 दिनांक 09 जून 2026 के माध्यम से सूचित किया है कि शिकायत में उठाए गए विषय पर संस्थान द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा काउंटरों पर नकद भुगतान (Cash Deposit) स्वीकार करने की व्यवस्था लागू की जाएगी।
AIIMS प्रशासन ने अपने उत्तर में स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से की जा रही है। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रति प्रेषित की गई है।
सुनील खंडेलवाल ने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को भुगतान संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर ऐसे लोगों को जो डिजिटल भुगतान के साधनों का उपयोग नहीं कर पाते हैं। AIIMS प्रशासन द्वारा शिकायत पर सकारात्मक कार्रवाई करना जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हजारों मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत मिलेगी।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्थान शीघ्र ही भुगतान व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं सर्वसुलभ बनाएगा ताकि किसी भी मरीज को केवल भुगतान संबंधी तकनीकी बाधाओं के कारण चिकित्सा सेवाओं से वंचित न होना पड़े।