वेतन भुगतान की समस्या पर शिक्षक संघ मुखर, डीएसई से की स्थायी समाधान की मांग
डीजे न्यूज, मेदिनीनगर (पलामू) : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) पलामू इकाई ने शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही लगातार परेशानियों को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) पलामू को ज्ञापन सौंपकर वेतन प्रणाली में सुधार की मांग की है। संघ के महासचिव अमरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने इस संबंध में डीएसई से मुलाकात कर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में वरीय उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद, वरीय संयुक्त सचिव विनय कुमार मांझी, पांडु प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार तथा पड़वा प्रखंड के नंद कुमार मेहता शामिल थे।
ज्ञापन में बताया गया कि पद एवं प्रोफाइल में व्याप्त विसंगतियों के कारण प्रत्येक माह शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। इससे शिक्षकों को बच्चों की ट्यूशन फीस, बैंक ईएमआई, शादी-विवाह सहित दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के महासचिव अमरेश कुमार सिंह ने कहा कि पलामू में भीषण गर्मी के बीच शिक्षक डोर-टू-डोर जनगणना कार्य में जुटे हैं और पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन वेतन भुगतान में देरी के कारण उन्हें आर्थिक संकट झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संघ के प्रयासों और विभागीय सहयोग से वेतन का भुगतान तो हो रहा है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है ताकि शिक्षकों को भविष्य में आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े और वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।
डीएसई ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पद एवं प्रोफाइल से संबंधित आवश्यक सुधार कर प्रस्ताव को वित्त विभाग, रांची भेजा जाएगा, ताकि वेतन भुगतान संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने इस मुद्दे पर गंभीरता से कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
संघ ने ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त पलामू एवं कोषागार पदाधिकारी को भी सौंपकर आवश्यक पहल की मांग की है।