धोखाधड़ी, सड़क पर अतिक्रमण सहित अन्य समस्याओं से रूबरू हुए डीसी
संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया निराकरण करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में गोविंदपुर, बैंक मोड़, महुदा, सरायढेला, बलियापुर, मैथन, तोपचांची, बाघमारा, बरवाअड्डा, पूर्वी टुंडी, चिरकुंडा, केन्दुआडीह समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
इस दौरान धोखाधड़ी एवं जालसाजी कर जमीन हड़पने, पुरस्कृत राशि प्रदान करने, आवागमन हेतु रास्ता अवरुद्ध करने, सड़क पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण, जलमीनार की मरम्मती, होमगार्ड से संबंधित मामलों, रास्ता बंद करने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, दिव्यांगजन को रोजगार देने, नियोजन, इलाज हेतु सहायता राशि निर्गत करने, सड़क, नाली, पानी एवं स्ट्रीट लाइट सहित अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को उनकी शिकायतों के त्वरित एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।