अजाप्टा की पहल रंग लाई, शिक्षकों के वेतन भुगतान का रास्ता साफ

Advertisements

अजाप्टा की पहल रंग लाई, शिक्षकों के वेतन भुगतान का रास्ता साफ

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद,पलामू : लंबित वेतन भुगतान को लेकर शिक्षकों की बढ़ती चिंता के बीच अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) की सक्रियता से समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संघ के जिला महासचिव अमरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेजरी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता की।

प्रतिनिधिमंडल में वरीय उपाध्यक्ष रामानुज जी, संयुक्त सचिव विनय जी तथा हैदरनगर इकाई के अध्यक्ष अनुज अरुण भी शामिल थे। प्रतिनिधियों ने ट्रेजरी पदाधिकारी को शिक्षकों के वेतन भुगतान में आ रही समस्याओं से अवगत कराया और समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

वार्ता के दौरान ट्रेजरी पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डीडीओ कार्यालयों की ओर से बिल प्रस्तुत किए जाने पर भुगतान में कोई बाधा नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का आश्वासन दिया।

इस संबंध में जिला महासचिव अमरेश कुमार सिंह ने दूरभाष पर कहा कि शिक्षकों के वेतन से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

संघ पदाधिकारियों का मानना है कि सोमवार को बिल ट्रेजरी में जमा होते ही उसी दिन वेतन राशि शिक्षकों के खातों में भेजी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मार्च और अप्रैल माह के वेतन भुगतान का मार्ग भी संघ के प्रयासों से ही प्रशस्त हुआ था।

हुसैनाबाद इकाई ने इस पहल के लिए जिला कमेटी के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top