राजगंज के चुंगी में ठनका गिरने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): दलूडीह पंचायत अंतर्गत चुंगी में शुक्रवार सुबह से अचानक मौसम के बदलाव के कारण ठनका गिरने से सपना देवी (45 वर्ष) की मौत हो गई। मृत महिला सुबह करीब 10 बजे तालाब में स्नान कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तालाब से कुछ दूरी पर अचानक तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उठाकर कतरास स्थित एक निजी अस्पताल इलाज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका के दो बच्चे हैं। पुत्र रोहित कुमार (21 वर्ष) एवं पुत्री करीना कुमारी (16 वर्ष) मां की मौत के बाद सदमे में हैं। वहीं घटना के समय मृतका के पति धनेश्वर महतो घर पर नहीं थे। वह सुबह मजदूरी करने के लिए चले गए थे।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता देने की मांग की है।