सीएमडी ने किया तेतुलमारी का दौरा, मांगों को लेकर ग्रामीणों ने जताया विरोध
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने बुधवार को तेतुलमारी क्षेत्र का दौरा किया। इस
दौरान ग्रामीणों और रैयतों ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष रैयतों ने रेगुलराइजेशन की मांग को लेकर सीएमडी के काफिले को रोककर सड़क पर बैठकर अपनी नाराजगी जताई।
रैयतों का कहना था कि वे पिछले लगभग दस वर्षों से नियोजन कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका स्थायीकरण नहीं किया गया है। प्रबंधन की ओर से लगातार आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जल्द रेगुलराइजेशन की मांग उठाई।
इसी दौरान चंदौर पहाड़ी के ग्रामीणों ने बिजली और पानी की समस्या को लेकर तेतुलमारी परियोजना में विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने बताया कि परियोजना क्षेत्र के समीप रहने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पेयजल संकट और बाधित बिजली आपूर्ति के कारण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सीएमडी मनोज अग्रवाल ने सिजुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक निरज चक्रवर्ती को निर्देश दिया कि चंदौर पहाड़ी में जल्द डीप बोरिंग के जरिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाए।
उन्होंने रैयतों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र पहल की जाएगी। मौके पर कई ग्रामीण, रैयत प्रतिनिधि और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के स्थानीय नेता मौजूद रहे।