यात्रियों की परेशानी पर रेलवे गंभीर, मधुपुर इंक्वायरी के लिए जल्द जारी होगा मोबाइल नंबर

Advertisements

यात्रियों की परेशानी पर रेलवे गंभीर, मधुपुर इंक्वायरी के लिए जल्द जारी होगा मोबाइल नंबर

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मधुपुर रेलवे स्टेशन का इंक्वायरी लैंडलाइन नंबर 06432-224478 लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति, प्लेटफॉर्म, विलंब और रद्दीकरण जैसी जरूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस समस्या से खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर मामले को लेकर गिरिडीह के सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने 13 मई 2026 को रेलवे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने कहा था कि डिजिटल युग में केवल एक लैंडलाइन नंबर पर निर्भर रहना व्यावहारिक नहीं है। तकनीकी खराबी या स्टाफ की अनुपलब्धता की स्थिति में यात्रियों के पास कोई वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था नहीं बचती।

उन्होंने रेलवे से मांग की थी कि खराब लैंडलाइन नंबर को तत्काल ठीक कराया जाए, मधुपुर इंक्वायरी के लिए एक समर्पित मोबाइल नंबर जारी किया जाए, उस नंबर पर व्हाट्सएप सुविधा उपलब्ध कराई जाए, कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो तथा स्टेशन और वेबसाइट पर अद्यतन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएं।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर, पूर्व रेलवे, आसनसोल ने 15 मई 2026 को पत्र जारी कर बताया कि मधुपुर रेलवे इंक्वायरी के लिए एक समर्पित मोबाइल नंबर जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। पत्र क्रमांक SG-46/CPGRAMS/S&T के अनुसार इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

रेलवे के इस आश्वासन से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अब तक यात्री 139 पर कॉल करने को मजबूर थे, जहां लोकल स्टेशन की सटीक जानकारी नहीं मिल पाती थी। मोबाइल नंबर जारी होने के बाद यात्रियों को सीधे मधुपुर स्टेशन से संपर्क की सुविधा मिल सकेगी।

सुनील खंडेलवाल ने रेलवे के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे इंक्वायरी सेवा यात्रियों की बुनियादी जरूरत है और मोबाइल नंबर जल्द सार्वजनिक कर उस पर 24×7 सेवा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

रेलवे पोर्टल पर 19 मई 2026 को इस शिकायत को ‘केस क्लोज्ड’ दिखाया गया है, लेकिन यात्रियों और सामाजिक संगठनों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि रेलवे अपना वादा कितनी जल्दी पूरा करता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top