नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेल यात्रियों को किया जागरूक
डीजे न्यूज, धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत धनबाद स्टेशन परिसर में मंगलवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों एवं सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्लास्टिक कचरा हमारे जल स्रोतों, मिट्टी तथा बेजुबान पशुओं के लिए किस प्रकार गंभीर खतरा बनता जा रहा है। नाटक में बताया गया कि कुछ मिनटों की सुविधा के लिए उपयोग में लाई जाने वाली प्लास्टिक की थैलियां, कप एवं प्लेटें सैकड़ों वर्षों तक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती रहती हैं। साथ ही लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक (एकल-उपयोग प्लास्टिक) का प्रयोग बंद कर पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की गई । स्टेशन के मुख्य द्वार पर आयोजित इस कार्यक्रम के अंत में स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” तथा “स्काउट-गाइड का है संदेश, प्लास्टिक मुक्त हो अपना देश” जैसे नारों के माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करना था।