बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना परिसर में शुक्रवार को आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में कतरास इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी एवं थाना प्रभारी संजीव कुमार झा सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की भी हिदायत दी।
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने का भरोसा दिलाया।
बैठक का संचालन हीरालाल महतो ने किया। मौके पर मो. फहीम अंसारी, मो. फिरोज, शाबिर, अकबर, नीलकंठ रवानी, संदीप अग्रवाल सहित कई लोग उपस्थित थे।