पंचायत स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में टापर रहे दोलाबड़ पंचायत के विद्यार्थी हुए सम्मानित
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): दोलाबड़ पंचायत भवन में गुरुवार को पंचायत स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले पंचायत के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, उप प्रमुख आशा देवी, मुखिया सुनीता मल्लिक, पंचायत समिति सदस्य भोलानाथ महतो आदि ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में दोलाबड़ के सामाजिक कार्यकर्ता व सहायक अध्यापक दिलीप गोप ने मैट्रिक की परीक्षा में पंचायत स्तर पर टॉपर रहे उत्क्रमित उच्च विद्यालय दोलाबड़ के छात्र अमित कुमार गोप को पांच हजार का चेक उपलब्ध कराया। विधायक ने छात्र अमित कुमार गोप को चेक प्रदान किया। सहायक अध्यापक के इस कार्य की ग्रामीणों ने काफी सराहना की। समारोह में दोलाबड़ पंचायत के सभी शिक्षकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को भी शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।