गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय की शिक्षिका का धरना जारी
विजय झा पहुंचे धरनास्थल, शिक्षिका की हौसला आफजाई की
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय कतरास की शिक्षिका भावना चौहान का धरना दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर भावना स्कूल परिसर में धरना पर बैठी है।
धरनार्थी शिक्षिका ने बताया कि कमेटी की ओर से अब तक न तो कोई मिलने और न ही वार्ता के लिए आया है। उन्होंने कहा कि जब तक बकाया वेतन नहीं मिलेगा तब तक धरना जारी रहेगा।
बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भावना चौहान की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि इस स्कूल का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। 1928 में इस स्कूल की स्थापना हुई थी तब से लेकर आज तक 98 वर्ष बीत चुके हैं। 2 वर्ष बाद इसकी शताब्दी वर्ष मनाई जाएगी। ऐसे में शिक्षिका को अगर अपने वेतन के लिए सत्याग्रह पर बैठना पड़ रहा है तो कतरास वासियों के लिए इससे बड़ी शर्मिंदगी वाली बात और क्या हो सकती है। कमेटी एवं पूरे समाज को आपस मे बैठकर इस समस्या का समाधान निकालने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।