नारी को सम्मान और समान अवसर देना विपक्ष को मंजूर नहीं : रघुवर दास 

Advertisements

नारी को सम्मान और समान अवसर देना विपक्ष को मंजूर नहीं : रघुवर दास

 

महिला आरक्षण विधेयक गिराना महिला विरोधी कांग्रेस, झामुमो समेत सभी विपक्षी पार्टियों को पड़ेगा महंगा

डीजे न्यूज, धनबाद : भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महिला आरक्षण विधेयक के गिरने पर कांग्रेस एवं झामुमो पर कड़ा प्रहार किया है। कांग्रेस और झामुमो के अलावा समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस को महिला विरोधी करार देते हुए कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक को गिराने वाली इन पार्टियों को झारखंड और देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सोमवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत मोदी सरकार ने करोड़ों घरों में शौचालय जिसे इज्ज्त घर कहते हैं देकर महिलाओं को सम्मान दिया। मुद्रा योजना से भी महिलाओं को आगे लाने का काम किया। सेना से लेकर खेलकूद तक में महिलाएं आगे बढ़कर काम कर रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मोदी सरकार ने लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने के लिए 2023 में नारी शक्ति विधेयक लाई थी। इसे जातिवादी और परिवारवादी पार्टियों ने विफल कर दिया। अब जब मोदी सरकार ने नारी को अधिकार देने के लिए 131 वां संविधान संशोधन विधेयक लाया जिसका सभी विपक्षी पार्टियों ने विरोध किया और विधेयक को गिरा दिया। कांग्रेस, झामुमो, टीएमसी, सपा, राजद का महिला विरोधी चरित्र का झारखंड समेत पूरे देश की जनता कड़ी निंदा कर रही है। यदि यह पारित हो जाता तो 2029 में महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिल जाता। जनगणना का काम तेजी से पूरे देश में चल रहा है। जनगणना के बाद परिसीमन होगा जिसमें काफी समय लग जाता। इस कारण मोदी सरकार अभी यह विधेयक लेकर आई। इसके तहत सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया गया। इससे किसी को कोई क्षति नहीं होती। विपक्षी पार्टियों ने इसे होने नहीं दिया। परिवारवाद, जातिवाद वाली पार्टियां कांग्रेस, झामुमो, समाजवादी पार्टी और टीएमसी को इस देश की जनता और महिलाएं कभी माफ नहीं करेगी।

इस मौके पर झरिया विधायक रागिनी सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, सिंदरी की प्रत्याशी रहीं तारा देवी, महानगर अध्यक्ष सरवन राय, जिला महामंत्री रूपेश सिन्हा, संजय झा, मिल्टन पार्थसारथी, मानस प्रसून, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, सत्येंंद्र मिश्रा, रिंकू सिंह आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top