सरस्वती विद्या मंदिर सिंदरी में मेधावी छात्रों का सम्मान
शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभावना पर दिया गया जोर
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : सरस्वती विद्या मंदिर, सिंदरी में दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान भैया-बहनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुष्पराज सिंह गौतम (एसीसी सिंदरी के प्लांट प्रबंधक), प्रदीप पांडेय (CSR हेड, पूर्वी क्षेत्र एसीसी), शशि भूषण कुमार गुप्ता (सचिव), महेंद्र यादव (कोषाध्यक्ष), प्राचार्य सुनील कुमार पाठक, कार्यक्रम प्रमुख भगवान सिंह, पंकज तिवारी तथा रागेश प्रसाद सिंह सहित सम्मानित छात्रों के अभिभावक उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वाले भैया-बहनों में गौतम कुमार, लक्की कुमार, तरुण आनंद, प्रभात कुमार, अभिषेक मुखर्जी, सौम्या कुमारी, सृष्टि सिंह, अमित कुमार, अमीर राजा, पलक कुमारी, आराध्या कुमारी, दिव्या कुमारी, खुशी कुमारी, अनिमेष राज, आदित्य सावन, सागर पांडेय, संजीत कुमार महतो, सोनाली गोराऺई और अतुल शर्मा शामिल हैं।
मुख्य अतिथि पुष्पराज सिंह गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं इस विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों का विकास भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
शशि भूषण कुमार गुप्ता ने कहा कि जीवन में केवल अंक ही महत्वपूर्ण नहीं होते, बल्कि एक संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बनना अधिक आवश्यक है।
प्राचार्य सुनील कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को “राष्ट्र प्रथम” की भावना अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जहां शिक्षा के साथ खेल, सामाजिक जिम्मेदारियां और आध्यात्मिक मूल्यों का समावेश किया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन नरेश राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भगवान सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।