राजगंज में एसबीआई योनो एटीएम में ठगी का प्रयास, ग्राहकों की सतर्कता से बचा पैसा
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज स्थित एसबीआई योनो एटीएम मशीन में टेप साटकर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को पैसे की निकासी करने पहुंचे संपत्ति की सुझबूझ से ठगी का प्रयास असफल हो गया है और बैंक के संज्ञान में बात आ गई।
हुआ यूं कि बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बेंहचिया निवासी समोली कुमारी अपने पति महादेव मुर्मू के साथ दोपहर करीब 3 बजे एटीएम पहुंची। उन्होंने एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन मशीन से पैसा बाहर नहीं आया। वहीं, उनके मोबाइल पर निकासी का मैसेज आ गया।
संदेह होने पर दंपति ने तुरंत एटीएम पर तैनात गार्ड और एसबीआई शाखा को इसकी सूचना दी तथा स्थानीय पुलिस को भी लिखित शिकायत दी। सूचना मिलने के बाद बैंक कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पाया गया कि नकदी निकलने वाली जगह पर टेप चिपकाया गया था, जिससे पैसा बाहर नहीं आ पा रहा था और अंदर ही फंस जा रहा था। टेप हटाने के बाद फंसी हुई राशि बरामद कर ली गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ग्राहक को लौटा दी गई।
इसी एटीएम में कुछ देर बाद बगदाहा निवासी बबली कुमारी के साथ भी ऐसी ही घटना हुई। करीब साढ़े चार बजे वह 500 रुपये निकालने पहुंचीं, इस दौरान मशीन में उनका एटीएम कार्ड और आधा पैसा फंस गया।
लगातार दो घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में एटीएम सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने बैंक प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि ठगी के प्रयास में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।