धनबाद व आसपास की खबरें:-
शहरी गैर तकनिकी के महिला अभ्यर्थियों ने दी शारीरिक दक्षता परीक्षा
डीजे न्यूज, धनबाद: बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की बहाली प्रक्रिया में शनिवार को धनबाद शहरी गैर तकनिकी के महिला अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी कार्यवाही की सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चयन केवल योग्यता और शारीरिक दक्षता के आधार पर ही किया जा रहा है। अभ्यर्थियों ने दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी शारीरिक स्पर्धाओं में भाग लिया। मैदान में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की गहन जांच की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे समेत जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी और चिकित्सा दल मौजूद रहे। गर्मी को देखते हुए मैदान में पेयजल की व्यवस्था की गई थी। साथ हीं समय समय पर ट्रैक पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा था, ताकि अभ्यार्थियों को परेशानी न हो।
————————————-
शिविर में 105 व्यक्तियों की हुई स्वास्थ्य जांच
धनबाद: भारतीय रेडक्रास सोसायटी धनबाद के तत्वावधान में शनिवार को मिश्रडीह में हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 105 व्यक्तियों की जांच की गई। इस दौरान 70 लोगों का ब्लड प्रेशर एवं 65 को डाक्टर के परामर्श के उपरांत दवाइयां दी गई।
कैंप में भारतीय रेडक्रास सोसायटी धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कुमार मधुरेन्द्र सिंह, आजीवन सदस्य संजय जायसवाल, डॉ रमेश कुमार शर्मा, डॉ जालंधर सिंह, जीएन ओझा, अरविन्द पाठक, कृष्ण कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
————————————–
आधार कार्ड के लिए 27 दिव्यांगजनों का हुआ एनरोलमेंट
धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर शनिवार को गोविंदपुर प्रखंड में विशेष आधार शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 27 दिव्यांगजनों का आधार कार्ड के लिए एनरोलमेंट हुआ।
जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वैसे दिव्यांग व्यक्ति, जिनका आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए विशेष तौर पर प्रखंडों में स्थित आधार केंद्र में कैंप लगाया जा रहा है। आधार कार्ड बन जाने से उन्हें केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि निरसा में आयोजित शिविर में 15, बलियापुर में 52, धनबाद में 44, तोपचांची में आयोजित शिविर में 61, टुंडी में 51, पूर्वी टुंडी में 27 तथा गोविंदपुर में 27 सहित 277 दिव्यांगजनों का आधार कार्ड के लिए एनरोलमेंट हुआ है।
बताया कि कलियासोल में 20 अप्रैल, एग्यारकुंड में 21 अप्रैल तथा बाघमारा प्रखंड में 22 अप्रैल को दिव्यांगजनों के लिए विशेष आधार शिविर का आयोजन प्रखंड के आधार केंद्रों पर किया जाएगा।