आरएसपी कॉलेज के नए भवन निर्माण का शिलान्यास
डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया क्षेत्र के नूनूडीह, मामा होटल के समीप स्थित आरएसपी कॉलेज के नए भवन निर्माण का शिलान्यास गुरुवार को किया गया। झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कॉलेज भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह भी की उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस पहल को झरिया के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्य को धरातल पर साकार होते देख उन्हें अत्यंत खुशी की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि यह नया आर एस पी कॉलेज भवन झरिया समेत आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यह भवन झरिया समेत आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल आने वाले समय में नई दिशा तय करेगी।
वहीं मेयर संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विस्तार किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज भवन के निर्माण से झरिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अपने भविष्य को संवारने का नया अवसर मिलेगा।