सीबीएसई 10वीं में बीएनएस डीएवी स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट, 34 छात्रों के 90% से अधिक अंक

Advertisements

सीबीएसई 10वीं में बीएनएस डीएवी स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट, 34 छात्रों के 90% से अधिक अंक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिरसिया स्थित बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस वर्ष परीक्षा में विद्यालय के कुल 309 छात्र-छात्राएँ शामिल हुए, जिनमें सभी ने सफलता हासिल कर विद्यालय को शत-प्रतिशत परिणाम दिलाया। खास बात यह रही कि 34 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का गौरव बढ़ाया। यह परिणाम मुख्य पाँच विषयों के आधार पर जारी किया गया है।

परीक्षा में आदित्य नारायण ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अभिषेक वर्मा, अद्या नारायण, ऋषिका अग्रवाल एवं गुरुकांत ने 95-95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अनुराग सिंह ने 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

इसके अलावा भी कई विद्यार्थियों ने उच्च अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिचय दिया। यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है।

 

विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है।

विद्यार्थियों के इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय, अभिभावक एवं प्रबंधन सभी गौरवान्वित हैं। प्राचार्य ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top