श्रावणी मेला की तैयारियों में जुटा देवघर जिला प्रशासन कमिश्नर-डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण

Advertisements

श्रावणी मेला की तैयारियों में जुटा देवघर जिला प्रशासन
कमिश्नर-डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, देवघर : आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर संथाल परगना कमिश्नर संजय कुमार, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने शनिवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दर्दमारा, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, शिवगंगा, क्यू कॉम्प्लेक्स, बीएड कॉलेज, बाघमारा स्थित नए आईएसबीटी सहित दुम्मा कांवरिया पथ से देवपुरा, बांक, सरासनी और दर्दमारा गेट तक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक शिविर, स्वास्थ्य केंद्र, बिजली आपूर्ति, शौचालय, स्नानागार, सूचना-सहायता केंद्र एवं होल्डिंग प्वाइंट जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने क्यू कॉम्प्लेक्स, इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल रूम, नेहरू पार्क एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस
निरीक्षण के पश्चात देवघर परिसदन में संथाल परगना कमिश्नर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचते हैं, इसलिए उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने पीपीटी के माध्यम से तैयारियों की जानकारी देते हुए पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर सुधारात्मक कदमों पर प्रकाश डाला। बैठक में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी और मेला के दौरान सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था बनाने की दिशा में पहल
कमिश्नर ने कहा कि श्रावणी मेला राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और देवघर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और सुदृढ़ करना लक्ष्य है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top