बच्चे मन लगाकर पढ़ें, तभी बनेंगे अफसर और मंत्री : बाबूलाल

Advertisements

बच्चे मन लगाकर पढ़ें, तभी बनेंगे अफसर और मंत्री : बाबूलाल
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : पूर्व मुख्य मंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को तिसरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कर्णपुरा सहित यूएमएस केंदुआ और उत्क्रमित उच्च विद्यालय खिजुरी के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से भेंट कर स्कूलों की समस्याओं की जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने कर्णपुरा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का भी दौरा किया और नन्हे बच्चों से बातचीत की।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने स्कूली बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए तीनों स्कूलों के वर्ग एक से लेकर वर्ग आठ तक के सभी छात्र-छात्राओं के बीच मध्याह्न भोजन के लिए सरकारी तौर पर उपलब्ध कराए गए बर्तनों का वितरण किया।
कर्णपुरा में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को मन लगाकर और पूरे जुनून के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। बच्चे पढ़ेंगे तभी भविष्य में अफसर, शिक्षक, विधायक और मंत्री बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बदौलत ही समाज का विकास संभव है और इसके बिना बेहतर समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजें और शिक्षा के प्रति जागरूक रहें। बच्चों को शिक्षा दिलाना अभिभावकों का कर्तव्य है, वहीं सरकार भी इसके लिए जिम्मेदार है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में स्कूल खोले गए हैं और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गई है, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी शिक्षा प्राप्त कर सकें और कुपोषण से बच सकें।
उन्होंने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर शिक्षा विभाग के बीपीओ अक्षय कुमार प्रभाकर, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, जिला मंत्री मनोज यादव, भाजपा नेता रामचन्द्र ठाकुर, उदय साव, मंडल अध्यक्ष सुनील सावल, लक्ष्मण मोदी, मोहन बरनवाल, मो इलियास, बीआरपी मृत्युंजय कुमार, अजय महथा, प्रकाश विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top