बलियापुर की खबरें:-
मासिक बैठक में उठा सरकारी जमीन के अतिक्रमण का मुद्दा
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति सदस्यों की मासिक बैठक हुई। अध्यक्षता प्रमुख पिंकी देवी ने की।
सदस्यों ने पलानी मौजा एवं अगल बगल गांव में सरकारी भूमि का अतिक्रमण से जुड़े मामले को उठाया। सदस्य लक्ष्मी नारायण महतो ने अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी भूमि को चिन्हित कर बोर्ड लगाने की मांग की। इस पर सीओ मुरारी नायक ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। वहीं प्रमुख पिंकी देवी ने विभिन्न हार्ड कोक उद्योग से फैल रहे प्रदूषण तथा बंद बालिका मध्य विद्यालय के जर्जर भवन के निर्माण का मुद्दा उठाया। बलियापुर पश्चिम पंचायत की सदस्य नमिता मंडल ने बलियापुर थाना के पीछे स्थित जर्जर पानी टंकी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा बैठक में पानी, बिजली, जन वितरण प्रणाली, बंद चापाकलों को चालू करने आदि के मुद्दे पर चर्चा किया गया।
बैठक में बीडीओ प्रभाष चंद्र दास, सीओ मुरारी नायक, सीडीपीओ अलका रानी, उप प्रमुख आशा देवी, गणेश महतो, दिवाकर महतो, विजय रजक, हीरालाल मोदक, भोलानाथ महतो, श्रृजली देवी, चंपा देवी आदि थे।
———————————————-
शौर्य दिवस पर सीआरपीएफ की बहादुरी और इतिहास से अवगत हुए जवान
बलियापुर: प्रधानखंता स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 154 वाहिनी मुख्यालय में गुरुवार को शौर्य दिवस मनाया गया। कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली। कमांडेंट ने शौर्य दिवस की महत्ता, सीआरपीएफ के बहादुरी एवं वीरतापूर्ण कार्यों के गौरवमयी इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 1965 के शुरूआत में पाकिस्तानी सेना के घुसपैठ को रोकने के लिए सीआरपीएफ की द्वितीय बटालियन की चार कंपनियों को सरदार पोस्ट पर भेजा गया था। दरअसल, नौ अप्रैल 1965 को एक कंपनी गश्त के लिए बाहर गई थी, तभी पाकिस्तान की 51वीं इंफेंट्री बिग्रेड ने हमला बोल दिया। इसके जवाब में द्वितीय बटालियन की चार कंपनियों ने दुश्मनों को 12 घंटे तक रोके रखा, जबतक कि सरदार पोस्ट की सुरक्षा करने के लिए भारतीय सेना की टुकड़ियों ने आकर पोजीशन नहीं संभाल ली। युद्ध में पाकिस्तान के 34 सैनिक मारे गए, जबकि मुकाबले में सीआरपीएफ ने अपने आठ जाबांज बहादुर खोए तथा दो अन्य सिपाही वीरगति को प्राप्त हुए।
तत्कालीन गृहमंत्री गुलजारी लाल नंदा ने 12 अप्रैल, 1965 को संसद में बल की प्रशंसा करते हुए कहा था कि यह लड़ाई भारतीय पुलिस के इतिहास में ही नहीं बल्कि सैन्य युद्ध के इतिहास में भी दर्ज की जायेगी। जवानों के इसी अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान को याद रखने के लिए सीआरपीएफ इस दिन को पराक्रम दिवस के रूप में मनाता है।
इस उपलक्ष्य में बटालियन मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन एवं बड़ा खाना का भी आयोजन किया गया। द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनन्द, उप कमांडेंट अमित कुमार झा, सूबेदार मेजर मदन मोहन उपाध्याय, उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह के साथ यूनिट मुख्यालय के समस्त जवान मौजूद रहे।
——————————————
बीडीओ से मिला वार्ड सदस्य संघ का प्रतिनिधिमंडल
बलियापुर: वार्ड सदस्य संघ के बलियापुर शाखा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाष चंद्र दास से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांगों में वार्ड सदस्यों का मानदेय भुगतान करने, पंचायत के विभिन्न योजनाओं में वार्ड सदस्यों का मंतव्य सुनिश्चित करना आदि शामिल है। प्रतिनिधिमंडल में परमेश्वर महतो, सेख तालिब, धनंजय मंडल, मोहम्मद हारुन आदि थे।