सामूहिक प्रयास से चंपारण जिले को टीबी मुक्त करने का संकल्प

Advertisements

सामूहिक प्रयास से चंपारण जिले को टीबी मुक्त करने का संकल्प

मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को किया रवाना, नरकटियागंज के 20 गांवों में की जाएगी निःशुल्क स्क्रीनिंग

योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य : उत्पल दत्त
डीजे न्यूज, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में गुरुवार को एसबीआई फाउंडेशन द्वारा “एसबीआई जीवनम योजना के अंतर्गत टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री के “टीबी मुक्त भारत” अभियान को गति देना तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ एसबीआई फाउंडेशन के मुख्य अतिथि सुशील कुमार वर्मा (चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर एवं मुख्य प्रशासक), प्रोग्राम हेड राजा राम तथा टीआरवाई संस्था के सेक्रेटरी उत्पल दत्त द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए नरकटियागंज सहित पूरे चंपारण जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि सुशील कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया है, उसमें एसबीआई फाउंडेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत संस्था ने चंपारण जिले को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर टीआरवाई संस्था के सेक्रेटरी उत्पल दत्त ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम संस्था द्वारा देश के विभिन्न राज्यों और जिलों में संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि टीआरवाई संस्था का पूरा परिवार चंपारण को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। संस्था द्वारा 15 टीबी पॉजिटिव मरीजों को पोषण किट वितरित की गई, जिससे उनके उपचार एवं पोषण में सहायता मिल सके।
इस योजना के तहत टीआरवाई संस्था द्वारा नरकटियागंज क्षेत्र के 20 गांवों का चयन किया गया है, जहां मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से निःशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी। इस अभियान का लक्ष्य प्रति माह तीन हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करना है, ताकि टीबी मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
साथ ही, एसबीआई फाउंडेशन के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट एवं प्रोग्राम हेड राजा राम ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार का टीबी उन्मूलन अभियान समाज के लिए एक वरदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि “एसबीआई जीवनम: टीबी मुक्त इनिशिएटिव के अंतर्गत संस्था ने यह संकल्प लिया है कि देश को टीबी मुक्त बनाने में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाई जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर टीबी उन्मूलन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
कार्यक्रम में प्रशांत कुमार (चीफ मैनेजर, एसबीआई), डॉ. संजीव कुमार (डिप्टी सुपरिटेंडेंट), डॉ. विनोद वर्मा, मुखिया रंजीत जी, अजय कुमार सहित अन्य स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं संस्थाओं ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि जागरूकता, सहयोग एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से चंपारण जिले को टीबी मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top