



बाघमारा के सोनारडीह में भू धंसान, तीन घर जमींदोज
चार लोगों के दबने की आशंका, आक्रोशित नागरिकों ने किया सड़क जाम
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बाघमारा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के सोनारडीह ओपी अंर्तगत टंडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार शाम भू धंसान की घटना घटी। इस घटना में तीन घर जमींदोज हो गया। भू धंसान की इस घटना में चार लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बस्ती में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।


आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
भू धंसान की घटना से लोग उद्वेलित हो उठे और सोनारडीह ओपी का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोगों का गुस्सा इससे भी कम नहीं हुई और महुदा-राजगंज एन एच 32 को जाम कर यातायात अवरूद्ध कर दिया।

तीन लोग जमीन में समाया: रिंकी कुमारी

घटना को लेकर रिंकी देवी ने रोते हुए बताया कि 5:00 बजे शाम को अचानक जमीन धंस गई और उसका घर जमीन में समा गया। बहन गीता कुमारी, चाची सरिता देवी एवं उसके पिता मोनू उरांव जमीन में समा गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना अवैध उत्खनन के कारण हुई है।

इस तरह की घटना के लिए सरकार जिम्मेदार: विधायक शत्रुघ्न
घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी ली। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन इस प्रकार की घटना हो रही है। इस तरह की घटना के लिए पूर्ण रूप से राज्य सरकार जिम्मेदार है।



