बीसीसीएल की तानाशाही अब नहीं चलेगी : अरविंद सिंह

Advertisements

बीसीसीएल की तानाशाही अब नहीं चलेगी : अरविंद सिंह

 

जनता कामगार संघ ने कुसुंडा क्षेत्रीय कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन 

डीजे न्यूज, धनबाद : एलटीसी, ग्रेच्युटी के बकाया भुगतान, बजट के रिक्त पदों का रिजल्ट प्रकाशित करने, लोकसभा, विधानसभा एवं नगर निगम चुनाव में रविवार को किए गए कार्य का भुगतान सहित 16 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय जनता कामगार संघ ने कुसुंडा क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में मजदूर धरना पर बैठ गए।

आंदोलन का नेतृत्व करते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय सचिव अरविंद सिंह ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुसुंडा क्षेत्र के कर्मी लगातार समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रबंधन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं और मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

अरविंद सिंह ने बताया कि अक्टूबर माह में ही पत्र लिखकर श्रमिकों की समस्याओं से प्रबंधन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी ने इस पर कोई पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा एवं नगर निगम चुनाव में किए गए कार्य का भुगतान अभी तक लंबित है, एनजीकेसी में एसएलपी का एरियर बकाया है और कई कर्मियों की सेवा पुस्तिका तक नहीं बनाई गई है। इसके अलावा भी कई गंभीर मुद्दे लंबित हैं, जिससे मजदूरों में आक्रोश व्याप्त है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्मिक प्रबंधक (मा सं) देवाशीष बाग, अतुल शर्मा सहित तीन अधिकारी मौके पर पहुंचे और वार्ता के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद क्षेत्र के महाप्रबंधक निखिल बी त्रिवेदी के साथ वार्ता हुई।

वार्ता में यह सहमति बनी कि चुनाव कार्य से संबंधित बकाया भुगतान जल्द किया जाएगा, जबकि अन्य मांगों पर अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में पुनः वार्ता की जाएगी।

इस आंदोलन में अरविंद कुमार सिंह, सुनील कुमार साह, बलवंत सिंह, गौरी शंकर चौहान, विनय कुमार सिंह, ओम प्रकाश प्रसाद, श्रवण सिंह, राम प्रसाद दास, नागेन मिश्रा, अवधेश कुमार सिंह, दिलीप बाउरी सहित कई मजदूर शामिल रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top