



बलियापुर में उपद्रवियों को पुलिस ने बीच सड़क पर कराया परेड
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : रामनवमी पर शुक्रवार को निकाले गए अखाड़ा जुलूस के दौरान भिखराजपुर के पास असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव करने से जुड़े मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बलियापुर पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दोनों पक्षों के डेढ़ दर्जन से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस आरोपितों को अदालत ले गई, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बलियापुर बाजार में कराया परेड
गिरफ्तार आरोपितों को अदालत ले जाने से पहले पुलिस ने बलियापुर बाजार में सभी को घुमाया। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सिंदरी के एसपीडीओ आशुतोष कुमार सत्यम, इंस्पेक्टर नूतन मोदी, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
इस संबंध में सिटी एसपी ने कहा कि मामले में ससुंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 18 से 20 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मालूम हो कि शुक्रवार की शाम रामनवमी के मौके पर भीखराजपुर के पास से गुजर रहे बाइक सवार जुलूस पर पथराव किया गया था। बवाल बढ़ने पर पुलिस ने लाठी चटकायी थी। जिसमें कई लोग घायल भी हुए थे। पुलिस ने दोनों पक्ष के करीब 20 लोगों को हिरासत में ले लिया था।
तनाव बरकरार, लेकिन नियंत्रण में
घटना को लेकर बलियापुर में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन नियंत्रण में बताई जाती है। भिखराजपुर एवं बलियापुर बाजार चौक पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सिटी एसपी का कहना है कि पूरे मामले में 50 के करीब नामजद अभियुक्त बनाया गया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी है।
सांसद ढुलू पहुंचे बलियापुर
धनबाद के सांसद ढुलू महतो शनिवार को बलियापुर पहुंचे। सांसद ने प्रजन्य बीएड कॉलेज में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। रामनवमी के मौके पर घटी घटना के बारे में विस्तार चर्चा की। सांसद ने कहा कि रामनवमी जुलूस पर पत्थरबाजी करना अनुचित है। सांसद ने पथराव करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने तथा निर्दोष लोगों को
छोड़ देने की मांग पुलिस प्रशासन से किया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पूर्व सिंघियाटाड में इसी तरह की घटना घटने के बावजूद पुलिस निष्क्रिय रही , जिससे यह घटना घटी । उन्होंने रामनवमी के मौके पर घटी घटना को पुलिस प्रशासन की लापरवाही बताया।
दुकानों में भी की तोड़फोड़
रामनवमी के मौके पर घटित घटना के दौरान असामाजिक तत्वों ने बलियापुर बाजार एवं अगल-बगल कई दुकान एवं छप्पर में तोड़फोड़ की थी। हालांकि इस संबंध में प्रभावित दुकानदारों द्वारा बलियापुर थाना में कोई लिखित शिकायत नहीं दिया गया है।
साप्ताहिक हाट पर पड़ा असर
बलियापुर में हर शनिवार को साप्ताहिक हाट लगाने की परंपरा है। रामनवमी के मौके पर घटित घटना का असर हाट पर पड़ा और कोई दुकानदार बलियापुर नहीं पहुंचे। वहीं मामले को लेकर आज बलियापुर बाजार के अधिकांश दुकानें बंद रही। बलियापुर में छोटे-छोटे सवारी वाहने भी कम चली।



