



धनयडीह विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संवाद, बच्चों की पढ़ाई और उपस्थिति पर मंथन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देश के आलोक में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में “चतुर्थ अभिभावक-शिक्षक बैठक (पी.टी.एम.)” का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सौरभ की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने तथा अभिभावकों की भूमिका को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही छात्रों के नामांकन, नियमित उपस्थिति और लर्निंग गैप को कम करने के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालय की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। वहीं नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने निपुण भारत कार्यक्रम, एफएलएन गतिविधियों और स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने क्षेत्र के निरक्षरों को साक्षर बनाने की योजना की भी जानकारी दी।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सौरभ ने विद्यालय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए सभी अभिभावकों से इसे अपनाने की अपील की।इस अवसर पर विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि के विद्यार्थियों ने प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति रही।



