



मंत्री सुदिव्य सोनू के साथ डीसी-एसपी रातभर करते रहे मॉनिटरिंग, रामनवमी शांतिपूर्वक संपन्न
सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और कंट्रोल रूम से पूरे जिले की गतिविधियों पर थी कड़ी नजर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले में रामनवमी पर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव कुमार, उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार की सतत मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। जिले भर में सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों के बेहतर सहयोग और समन्वय से रामनवमी पर्व धूमधाम, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पूरे जिले में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला तथा विभिन्न क्षेत्रों में भव्य जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रामनवमी पर्व को लेकर मंत्री सुदिव्य सोनू द्वारा लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जाती रही तथा प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी ली जाती रही। उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने भी संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों की लगातार निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं दंडाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से तैनात रहे और पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे जिले की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस वाहनों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की गई।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने भी जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि गिरिडीह जिले ने एक बार फिर शांति, सौहार्द और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, शांति समिति, सामाजिक संगठनों और आम जनता के सहयोग की सराहना करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन में सभी शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और आम जनता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी जिलावासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपसी भाईचारे, सहयोग और समन्वय की भावना से ही इतना बड़ा पर्व सकुशल संपन्न हो सका है। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने भी सभी अधिकारियों एवं पुलिस जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि टीम वर्क और सतर्कता के कारण पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनी रही।



