



उपभोक्ताओं की बिजली काटने पर बढ़ा आक्रोश
विधायक रागिनी व मेयर संजीव ने ऊर्जा विभाग से की वार्ता
डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया, धनबाद समेत कोयलांचल के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली विभाग द्वारा सैकड़ों लोगों की बिजली काटे जाने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिलिंग में गड़बड़ी और बकाया दर्शाते हुए करीब 200 से 250 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई महीनों तक उन्हें नियमित बिजली बिल उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद अचानक अनाप-शनाप राशि का भारी भरकम बिल भेज दिया गया और भुगतान नहीं होने पर बिजली काट दी गई। अचानक बिजली गुल हो जाने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। विशेषकर त्योहार के समय बिजली कटौती होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई।
मामले की जानकारी मिलते ही झरिया की विधायक रागिनी सिंह एवं मेयर संजीव सिंह ने त्वरित पहल करते हुए ऊर्जा विभाग के सचिव के ओएसडी राजेश परवार से दूरभाष पर वार्ता की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने झरिया समेत धनबाद जिले में स्मार्ट मीटर से जुड़ी बिलिंग गड़बड़ी और बिजली कटौती की समस्या को गंभीर बताते हुए शीघ्र समाधान करने की मांग की।
वार्ता के दौरान ऊर्जा विभाग के ओएसडी ने दोनों जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि स्मार्ट मीटर और बिलिंग से संबंधित शिकायतों की जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा तथा जिन उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई है, उन्हें शीघ्र राहत दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि जनता को समय पर बिल नहीं देना और बाद में एक साथ अनाप-शनाप बिल भेजकर बिजली काट देना पूरी तरह अनुचित है। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद यदि इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। विधायक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि जल्द से जल्द समाधान कर आम जनता को राहत दी जाए।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से सैकड़ों लोगों को एक साथ वंचित करना गंभीर विषय है। खासकर त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई से लोगों को भारी परेशानी होती है। मेयर ने ऊर्जा विभाग के ओएसडी से कहा है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शिकायतों की जांच कर जल्द समाधान किया जाए और प्रभावित लोगों को राहत दी जाए।



