



जेबीवीएनएल के जीएम से मिले विधायक राज
बिना सूचना बिजली काटने पर भड़के विधायक
बिजली विभाग को चेताया -जनता से अन्याय नहीं होगा बर्दाश्त
डीजे न्यूज, धनबाद: बिजली विभाग की कार्रवाई से आमजनों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने गुरुवार को जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक (जीएम) अशोक कुमार से मुलाकात की।
इस दौरान विधायक ने बिना पूर्व सूचना दिए घरों की बिजली आपूर्ति काटे जाने तथा नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को अत्यधिक राशि के बिजली बिल प्राप्त होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से आम जनता, विशेषकर मध्यम एवं निम्न वर्गीय परिवारों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो उचित नहीं है।
विधायक ने त्योहारी महीने में तत्काल सभी के बिजली बहाल करने, उपभोक्ताओं को किश्तों में बिजली बिल जमा करने के लिए एक निश्चित एवं पर्याप्त समयावधि देने, स्मार्ट मीटर से संबंधित सभी फीचर्स एवं कार्यप्रणाली की जानकारी व्यापक स्तर पर समाचार पत्रों एवं अन्य मीडिया माध्यमों के जरिए आम जनता तक पहले से पहुंचाने, जिन उपभोक्ताओं की बिजली बिना पूर्व सूचना के काटी गई है, उन्हें निर्धारित समय देकर किस्तों में भुगतान की सुविधा देने तथा त्योहारों के मद्देनजर उनकी बिजली आपूर्ति अविलंब बहाल करने, सभी सबडिवीजन स्तर के बिजली कार्यालयों में हेल्प डेस्क की स्थापना करने की मांग की।
महाप्रबंधक ने सभी सुझावों पर सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया तथा जनहित में शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जनता की सुविधा एवं उनके अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
मौके पर पार्षद अशोक पाल, मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास, जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, राजाराम दत्ता, किशोर मंडल, निर्मल प्रधान, रवि सिन्हा, मनोज मालाकार, शिवेंद्र सिंह सोनू, डी के सिंह, मदन तिवारी, सचिन सिंह, भागीरथ दास, प्रमोद अग्रवाल, राजेश कुमार, दीपक सिंह, मनोज रिंकू सहित कई अन्य थे।



