




बोकारो को अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जोड़ने की दिशा में प्रयास जारी
सांसद ढुलू महतो ने औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का मुद्दा उठाया
डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (AKIC) के अंतर्गत बोकारो जिले में भूमि आवंटन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न उठाकर क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखा।
सांसद द्वारा पूछे गए प्रश्नों में बोकारो जिले में भूमि आवंटन की स्थिति, भतुआ गांव में उपलब्ध लगभग 700 एकड़ भूमि के उपयोग, संबंधित मंत्रालयों के बीच समन्वय तथा परियोजना के क्रियान्वयन की समयसीमा जैसे अहम विषय शामिल थे।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर में बताया गया कि राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम (NICDP) के तहत राज्य सरकार की ओर से भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के बाद ही आगे की प्रक्रिया जैसे फिजिबिलिटी स्टडी एवं मास्टर प्लान तैयार किया जाता है। वर्तमान में झारखंड सरकार द्वारा उपयुक्त भूमि की पुष्टि नहीं की गई है, जिसके कारण परियोजना की प्रगति आगे नहीं बढ़ पाई है।
इस पर सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद-बोकारो क्षेत्र औद्योगिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, और यहां AKIC परियोजना का विस्तार होने से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि शीघ्र भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कर इस परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग करे।
सांसद ने यह भी आश्वासन दिया कि वे केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे, ताकि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और उद्योगों को नई दिशा मिल सके।



