एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, समय पर गैस सिलेंडर कराएं उपलब्ध : रामनिवास यादव 

Advertisements

एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, समय पर गैस सिलेंडर कराएं उपलब्ध : रामनिवास यादव

 

उपायुक्त ने गैस एजेंसियों के दिए सख्त निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को बैठक की। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिले के सभी प्रमुख गैस एजेंसी संचालक, आपूर्ति विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने गैस सिलेंडर की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की जितनी आवश्यकता है, उतनी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आम नागरिकों को किसी प्रकार की घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और सभी अधिकृत गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने दें। उपायुक्त ने बताया कि आपूर्ति विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत न मिले। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे पारदर्शिता के साथ वितरण कार्य करें और प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी समय पर गैस की आपूर्ति पहुंचे। उपायुक्त ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडर की कमी को लेकर किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरत के अनुसार गैस की आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित कंपनियों से समन्वय स्थापित किया गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top