




बरवाडीह में रफ्तार का कहर: बस की टक्कर से महिला की मौत, बेटा घायल, लोगों का फूटा गुस्सा
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बरवाडीह में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। 40 वर्षीय शेरुन की मौके पर इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका 20 वर्षीय बेटा शाहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बेटे के साथ बाइक से ईद की खरीदारी करने गिरिडीह बाजार जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से गिरिडीह से धनबाद की ओर जा रही एक एसएसटी बस ने बरवाडीह स्थित बाल्टी कारखाना के समीप बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल बेटे शाहिल का इलाज जारी है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे चकनाचूर कर दिए। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी कोसर अली सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी है और पुलिस-प्रशासन लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहा है।



