रात के अंधेरे में हो रहा था आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण महिलाओं की शिकायत पर पार्षद ने रोकवाया काम

Advertisements

रात के अंधेरे में हो रहा था आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण

महिलाओं की शिकायत पर पार्षद ने रोकवाया काम

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): नगर निगम वार्ड संख्या 05 के अंगारपथरा लोडिंग धौड़ा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी मेंद्र भवन का निर्माण कार्य स्थानीय पार्षद निरुपमा देवी ने रोकवा दिया। पार्षद ने बताया कि पिछले दो दिनों से रात के अंधेरे में गुपचुप तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसकी जानकारी आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 419 के पोषाहार क्षेत्र की महिलाओं ने दी। शिकायत में कहा गया कि जिस स्थान पर भवन निर्माण हो रहा है, वहां आबादी नगण्य है। ऐसे में पोषाहार क्षेत्र के छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी तक पहुंचने में कठिनाई होगी। दूरी भी काफी अधिक है। आंगनबाड़ी सेविका ने इस मामले की जानकारी उपायुक्त और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बाघमारा को पत्र लिखकर दी है।
शुक्रवार को पार्षद निरुपमा देवी ने ग्रामीण महिलाओं के साथ स्थल का निरीक्षण किया। शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार को तत्काल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया और कहा कि संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जाएगा।
पार्षद ने बताया कि यह आंगनबाड़ी केंद्र अनुसूचित जाति के लिए घोषित है, जहां लगभग 90 प्रतिशत बच्चे इसी वर्ग से हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भवन का निर्माण हरिजन विकास विद्यालय, लोडिंग धौड़ा के पास किया जाए, ताकि बच्चों को सुविधा मिले और सरकार की योजना सफल हो सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही सीडीपीओ एवं उपायुक्त से मुलाकात करेंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top