खदान में शव मिलने से इलाके में सनसनी, हत्या की आशंका

Advertisements

खदान में शव मिलने से इलाके में सनसनी, हत्या की आशंका

डीजे न्यूज, धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कासियाटांड़ स्थित 8 लेन के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े पत्थर क्रेशर के समीप लगभग 80 फीट गहरी खदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना पाकर बरवाअड्डा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शव से तेज दुर्गंध आ रही है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय निवासी मनोहर महतो ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को खदान में फेंका गया हो सकता है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक कहां का रहने वाला था।

खदान की गहराई अधिक होने के कारण शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस की टीम शव को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top