




अब कक्षा 1–2 के बच्चों की पढ़ाई होगी और रोचक
निपुण भारत मिशन : बच्चों की नींव मजबूत करने के लिए शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय पचंबा में शुरू
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों के बुनियादी पढ़ाई-लिखाई और गणितीय कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय टीएलएम (Teaching Learning Material) निर्माण कार्यशाला की शुरुआत सोमवार से हो गई। यह कार्यशाला 16 से 18 मार्च तक जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय पचंबा में आयोजित की गई है,इस कार्यशाला का शुभ आरम्भ जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया,जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित शिक्षक भाग ले रहे हैं।

राज्य परियोजना निदेशक, झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची तथा जिला कार्यालय के निर्देश पर जिला स्तर पर निपुण भारत कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों के लिए FLN (Foundational Literacy and Numeracy) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

इसी कार्यक्रम के तहत बच्चों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें आकर्षक तरीके से पढ़ाई से जोड़ने के लिए शिक्षकों द्वारा आकर्षक टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसकी शुरुआत सोमवार को पूर्वाह्न 9:30 बजे से जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय पचम्बा में हुई।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों गावां, बेंगाबाद, सरिया, पीरटांड़, गिरिडीह, गांडेय, बिरनी, तिसरी, जमुआ, देवरी, बगोदर और धनवार से चयनित शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया गया है। ये सभी शिक्षक कार्यशाला के दौरान कक्षा 1 और 2 के बच्चों के लिए रचनात्मक और रोचक टीएलएम तैयार करेंगे, जिससे प्रारंभिक कक्षाओं में पढ़ाई को सरल और प्रभावी बनाया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को बेहतर बनाने के लिए नवीन शिक्षण तकनीकों और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही तैयार किए गए टीएलएम का प्रदर्शन भी किया जा रहा है ताकि अन्य विद्यालयों में भी इसका उपयोग किया जा सके।
जिला शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी प्रतिनियुक्त शिक्षक निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होकर कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।इस कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर संजीव कुमार, ए पी ओ नीरज कुमार, शिक्षक राजनारायण वर्मा, शाहिद अंजुम, सुमन प्रसाद, सेसेलिया मुर्मू, ब्रजेश गुप्ता, बद्री नारायण, मुस्तकीम अंसारी, राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा सहित कई शिक्षक उपस्थिति थे।



