जमुनिया नदी बचाने की जंग : अवैध कोयला उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई

Advertisements

जमुनिया नदी बचाने की जंग : अवैध कोयला उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई

डीजे न्यूज,कतरास(धनबाद) : अवैध कोयला उत्खनन पर अंकुश लगाने और जमुनिया नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए बाघमारा पुलिस, सीआईएसएफ टीम और बीसीसीएल ने संयुक्त अभियान चलाया। न्यू जमुनिया नदी पुल के समीप नदी के बीचो-बीच खोले गए लगभग तीन दर्जन मुहानों को जेसीबी मशीन से डोजरिंग कर बंद कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध उत्खनन स्थल से करीब 12 टन कोयला जब्त कर बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले गुप्त सूचना मिली थी कि नदी की धारा को बाधित कर बीचो-बीच अवैध उत्खनन स्थल बनाया जा रहा है। इसी आलोक में छापेमारी कर मुहानों की भराई कर दी गई।
संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि इस अवैध धंधे में शामिल लोगों को चिन्हित कर शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गई तो बीसीसीएल की श्रमिक कॉलोनी, ऑफिसर कॉलोनी और झारखंड सरकार की कतरास जलापूर्ति योजना प्रभावित होगी। इससे माटीगढ, हरिणा और कतरास जैसे शहरों की लाखों की आबादी पानी से वंचित हो सकती है।
ग्रामीणों ने भी इस अवैध उत्खनन स्थल को देखकर दबे स्वर में विरोध की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का अस्तित्व और जलापूर्ति योजना बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, अन्यथा जनता को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top