



कतरासगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव
रेल आंदोलनकारियों ने चालक का किया स्वागत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर क्षेत्र के लोगों और यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया। शुक्रवार को ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के दौरान रेल आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों ने फूल-माला पहनाकर चालक का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर रेल आंदोलनकारी राजेंद्र प्रसाद राजा ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस का कतरासगढ़ स्टेशन पर ठहराव क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए कतरास की जनता और रेल विभाग दोनों बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि धनबाद–चंद्रपुरा रेल लाइन (डीसी लाइन) बंद होने के बाद इसे फिर से चालू कराने के लिए लंबे समय तक आंदोलन किया गया था। लगातार संघर्ष और जनदबाव के बाद आखिरकार डीसी लाइन को पुनः चालू कराया गया। अब अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव से कतरास और आसपास के यात्रियों को पोत्तनूर सहित अन्य शहरों की यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा और यात्रा भी सुगम होगी।



