



होली के दौरान केन्दुआटांड़ में विवाद, मारपीट के बाद युवक हिरासत में
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी,धनबाद :
पूर्वी टुंडी प्रखंड के रुपन पंचायत अंतर्गत केन्दुआटांड़ गांव में आदिवासी समाज द्वारा मनाए जा रहे होली पर्व के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पूर्वी टुंडी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए एक युवक को हिरासत में लेकर थाना ले आई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को केन्दुआटांड़ गांव में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक तरीके से होली पर्व मना रहे थे। पूरा गांव उत्साह के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान गांव से अलग रहने वाले एक परिवार के युवक ने एक युवती पर जबरन पानी डाल दिया।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने युवक का विरोध किया, लेकिन युवक ग्रामीणों से उलझ गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई और फिर मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना पुलिस केन्दुआटांड़ गांव पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने विवाद के आरोपी युवक राजेश हांसदा को पकड़कर थाना ले आई।
रुपन पंचायत के मुखिया सतीश मुर्मू ने बताया कि पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी ने उन्हें और दोनों पक्षों को थाना बुलाया है, ताकि आपसी बातचीत के जरिए विवाद का समाधान किया जा सके।



