


जीटी रोड अटका में दर्दनाक हादसा, खड़े डम्फर से टकराया ट्रक, चालक की मौत
डीजे न्यूज, बगोदर, गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित अटका के पास गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि बैंक ऑफ इंडिया शाखा के समीप पहले से एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़ा था, जिसमें एक डम्फर भी शामिल था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े डम्फर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
मृतक चालक की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए जीटी रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



